Chhath puja 2022

लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को व्रतियों ने अर्घ्य दिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भी अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया तथा राज्यवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि के लिये ईश्वर से प्रार्थना की। सोमवार सुबह अर्घ्य देने के साथ ही भागवान भास्कर के लिए किए जाने वाले चार दिवसीय महापर्व संपन्न हो जाएगा। उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती 36 घंटे का निर्जला व्रत तोड़कर प्रसाद के सेवन से पारण करेंगे।

राजधानी पटना के 89 गंगा घाटों पर रविवार को अस्ताचल गामी को अर्घ्य देने का इंतजाम किया गया था। सभी गंगा घाटों पर दोपहर दो बजे से ही व्रतियों और श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगने लगा था। शाम साढ़े चार बजे के बाद व्रतियों ने अस्ताचल गामी सूर्य को अर्घ्य देने का सिलसिला शुरु हो गया, जो देर शाम तक चला। सबसे ज्यादा व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ गेट नंबर 83 से लेकर गेट नंबर 93 दीघा घाट, एनआईटी घाट, काली घाट, बालू घाट, घघा घाट, रौशन घाट, शिवमंदिर चौधरी टोला घाट, पथरी घाट, कोयला घाट आदि पर देखने को मिली। घाट पर नदी तक पहुंचने के लिए दउरा और सूप की लंबी कतार लगी रही। एक दउरा के हटते ही घाट किनारे दूसरा दउरा रखा जाता। घाट पर भीड़ के प्रबंधन में जिला प्रशासन, निगम प्रबंधन के साथ-साथ स्थानीय पूजा समितियों के कार्यकर्ताओं ने बढ़चढ़ कर काम किया।

सीएम नीतीश ने मुख्यमंत्री आवास में अपने परिवार के निकट सदस्यों के साथ अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया तथा राज्यवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि के लिये ईश्वर से प्रार्थना की। वहीं उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने रविवार शाम पटना के कई गंगा नदी के छठ घाटों का भर्मण किया और घाटों पर प्रसासनिक व्यववस्था को देखा तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया। तेजस्वी ने छठ व्रतियों को महापर्व की बधाई भी दी और ईस्वर से कामना की कि भगवान भास्कर की कृपा हम सब पर बनी रहे और राज्य एवम देश मे शांति, सद्भाव, प्रेम एव सम्रद्धि का वास बना रहे। दीघा घाट पर तेजस्वी ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य  दिया और पूजा अर्चना की। 

बिहार के प्रसिद्ध सूर्य मंदिरों में भी छठ महापर्व के मौके पर भारी भीड़ उमड़ी। पटना के उलार, पुण्यार्क के अलावा औरंगाबाद के देव, नालंदा का बड़गाम, ओंगारी का सूर्य मंदिर में भी बड़ी संख्या में छठ व्रती और श्रद्धालुओं ने अस्ताचल गामी सूर्य को अर्घ्य दिया। भगवान भास्कर से श्रद्धालुओं ने सुख, सौभाग्य, स्वास्थ्य, समृद्धि और संतति का आशीर्वाद मांगा।

तालाब और घरों पर दिया अर्घ्य

राजधानी के तालाबों, पार्कों, अस्थायी तालाबों और घरों व अपार्टमेंट की छतों पर बने स्थायी  व अस्थायी कुंडों में लोगों ने अर्घ्य दिया। राजधानी के दर्जनों मोहल्लों में छठ को देखते हुए निगम और जिला प्रशासन द्वारा अस्थायी तालाबों का निर्माण कराया गया था। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने अर्घ्य दिया। अपार्टमेंटों की छतों और पार्कों में बने तालाबों में भी लोगों ने अर्घ्य दिया।

अस्ताचल गामी सूर्य को अर्घ्य देने निकले परवैतिन(व्रती) और श्रद्धालुओं ने छठ गीत से  शहर का माहौल भक्तिमय बना दिया। शहर के तमाम चौक-चौराहों पर छठ गीत बजते रहे। घाट जाने वाले लोगों को कोई परेशानी नहीं हो इसके लिए स्थानीय लोगों द्वारा सड़कों की सफाई और पानी का छिड़काव किया गया।

दोपहर तक फल की खरीदारी

रविवार दोपहर तक शहर के विभिन्न हिस्सों में फल मंडी में भीड़-भाड़ रही। लोगों ने अंतिम समय तक केला घौद से लेकर पूजन सामग्री की खरीदारी की। बाजार समिति में खरीदारों की भीड़ दोपहर दो बजे तक रही। जबकि राजेन्द्र नगर, राजाबाजार, जगदेवपथ, कदमकुआं आदि इलाकों में भी अंतिम समय तक लोग फलों आदि की खरीदारी करते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.